सीरिया इजरायल के साथ एक समझौते की कोशिश मेंः अहमद अल-शरा

अंकारा, 17 अप्रैल (वार्ता) सीरियाई राष्ट्रपति अहमद अल-शरा ने शुक्रवार को कहा कि सीरिया इजरायल के साथ एक नए सुरक्षा समझौते की कोशिश में है, जिसके तहत इजरायल को 1974 के ‘डिसइंगेजमेंट एग्रीमेंट’ के तहत स्वीकृत सीमाओं पर वापस जाना होगा। तुर्किये में ‘अंताल्या डिप्लोमेसी फोरम’ के दौरान एक पैनल में बोलते हुए, श्री शरा ने कहा कि 1974 का समझौता पांच दशकों से अधिक समय तक कायम रहा। उन्होंने इजरायल पर इस संधि, विशेष रूप से 2024 में असद शासन के पतन के बाद, के उल्लंघन करने का आरोप लगाया।

‘अनादोलु एजेंसी’ की रिपोर्ट के अनुसार, सीरियाई राष्ट्रपति ने कहा, “हम अब बातचीत के पहले चरण में प्रवेश कर रहे हैं, जो एक ऐसे सुरक्षा समझौते की तलाश है जो 1974 की सीमाओं तक इजरायल की वापसी की गारंटी दे और नए नियम निर्धारित करे।” सीरियाई नेता ने कहा कि यदि यह प्रयास सफल होता है, तो यह प्रक्रिया गोलन हाइट्स की स्थिति को सुलझाने के उद्देश्य से दीर्घकालिक बातचीत का मार्ग प्रशस्त कर सकती है। गौरतलब है कि इजरायल ने 1967 के छह दिवसीय युद्ध के दौरान गोलन हाइट्स पर कब्जा कर लिया था। श्री शरा ने कब्जे वाले क्षेत्र पर इजरायली संप्रभुता को मान्यता देने से इनकार करते हुए कहा, “गोलन पर इजरायल के दावे की कोई भी मान्यता अमान्य है। यह सीरियाई लोगों का अधिकार है, किसी सरकार का नहीं।”

गौरतलब है कि 2024 में असद शासन के पतन के बाद, इजरायल ने एकतरफा रूप से 1974 के समझौते को भंग कर दिया था और संभावित खतरों को रोकने के लिए संयुक्त राष्ट्र पृथक्करण पर्यवेक्षक बल (यूएनडीओएफ) बफर जोन पर कब्जा करते हुए सीरियाई क्षेत्र में और आगे बढ़ गया था।
इजरायली सेना ने असद की बेदखली के बाद सीरिया में हवाई हमले जारी रखे हैं। इजरायल नए सीरियाई प्रशासन को एक चरमपंथी शासन के रूप में देखता है। साथ ही इजरायल द्रूज अल्पसंख्यक समुदाय की रक्षा करने का दावा भी करता है। यह समुदाय इजरायल में भी एक महत्वपूर्ण समुदाय है।

Next Post

काट्ज़ ने इजरायल-लेबनान युद्ध विराम को 'अस्थायी' करार दिया

Fri Apr 17 , 2026
तेल अवीव, 17 अप्रैल (वार्ता) इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़ ने हिजबुल्ला के साथ जारी युद्ध के बीच शुक्रवार से शुरू हुए 10 दिवसीय युद्ध विराम को ‘अस्थायी’ करार दिया है।स्थानीय मीडिया के अनुसार, श्री काट्ज़ ने स्पष्ट किया कि इजरायली सेना (आईडीएफ) लेबनान में अपने कब्जे वाले किसी […]

You May Like