तेल अवीव, 17 अप्रैल (वार्ता) इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़ ने हिजबुल्ला के साथ जारी युद्ध के बीच शुक्रवार से शुरू हुए 10 दिवसीय युद्ध विराम को ‘अस्थायी’ करार दिया है।स्थानीय मीडिया के अनुसार, श्री काट्ज़ ने स्पष्ट किया कि इजरायली सेना (आईडीएफ) लेबनान में अपने कब्जे वाले किसी भी क्षेत्र से पीछे नहीं हटेगी और वहां उसके शेष उद्देश्यों को पूरा किया जाएगा। श्री काट्ज़ ने एक बयान में कहा, “आईडीएफ ने जिन क्षेत्रों को साफ किया है और जिन पर कब्जा किया है, वे उसके नियंत्रण में रहेंगे। लेबनान में जमीनी सैन्य कार्रवाई और पूरे लेबनान में हिजबुल्ला के खिलाफ किए गए हमलों ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं, लेकिन वे अभी पूरी नहीं हुई हैं।” इजरायली रक्षा मंत्री ने कहा, “हम हिजबुल्ला के खिलाफ युद्ध के बीच लेबनान के अंदर हैं, जहां वर्तमान में 10 दिनों का अस्थायी संघर्ष विराम है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि सैन्य या कूटनीतिक माध्यमों से हिजबुल्ला के हथियारों को नष्ट करने का लक्ष्य बरकरार है और इजरायल इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
हालांकि श्री काट्ज़ ने यह भी स्वीकार किया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सीधी भागीदारी और लेबनान सरकार पर दबाव के माध्यम से एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक अवसर भी बना है। आईडीएफ की उपलब्धियों की सराहना करते हुए श्री काट्ज़ ने कहा कि 1,700 से अधिक हिजबुल्ला लड़ाके मारे गए हैं और सीमा के साथ लगते ‘बफर जोन’ को हिजबुल्ला के गुर्गों एवं लेबनानी निवासियों से मुक्त करा लिया गया है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती गांवों में आतंकी ठिकानों में बदल चुके घरों सहित अन्य ढांचों को नष्ट करने का काम जारी रहेगा। इजरायली रक्षा मंत्री ने यह भी स्वीकार किया कि दक्षिणी लेबनान में लिटानी नदी तक बनाए गए नए सुरक्षा क्षेत्र में अभी भी कई सशस्त्र आतंकवादी मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि लेबनान और इजरायल इस मुद्दे को कूटनीतिक रूप से सुलझाने का प्रयास करेंगे, अन्यथा सैन्य कार्रवाई फिर से शुरू की जाएगी।

