
झाबुआ। जिले के मेघनगर स्थित एग्रोफॉस इंडिया लिमिटेड खाद फेक्ट्री में दर्दनाक हादसा हो गया। जिसमें फेक्ट्री में काम कर रहे एक मजदूर की खाद की भारी बोरियों के नीचे दबने से मृत्यु हो गई। जिसके बाद फेक्ट्री के समस्त मजदूरों में आक्रोश है। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर जांच की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मजदूर फेक्ट्री परिसर में ट्रक में खाद की बोरियां लोड कर रहे थे, तभी इसी दौरान अचानक ऊंचाई पर रखी भारी बोरियां गिर पड़ी। जिसके नीचे मजदूर सुनिल पिता रमेश बारदेव उम्र 25 वर्ष निवासी सातरूंडा केलुपाड़ा जिला रतलाम दब गया। घटना के बाद फेक्ट्री में हड़कंप मच गया। वहां मौजूद अन्य मजदूरों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब 20 मिनिट तक प्रयास कर सुनिल को बाहर निकाला। मृतक के भाई राहुल बारदेव ने बताया कि हम दोनो भाई गाड़ी से खाद की बोरियां खाली कर रहे थे। तभी अचानक ऊपर रखी बोरियां गिर पड़ी और सुनिल उसके नीचे दब गया। जब तक उसे निकाला गया, तब तक वह बेहोश हो चुका था। फेक्ट्री में किसी वाहन की व्यवस्था नहीं होने पर मोटरसाईकिल से उसे चिकित्सालय उपचार के लिए ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। उक्त घटना के बाद मजदूरों में आक्रोश और शोक का माहौल है।
