मॉस्को, 03 नवंबर (वार्ता) रूस की सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष दिमित्री मेदवेदेव ने सोमवार को कहा कि यूक्रेन को समर्थन देने में पश्चिम जितना ज़्यादा खर्च करेगा, यूक्रेन का अंत उतना ही भयानक होगा।
श्री मेदवेदेव ने टेलिग्राम पर बताया कि पश्चिम ने यूक्रेन को आधा ट्रिलियन यूरो हस्तांतरित किए हैं, यह अविश्वसनीय राशि है। उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की के पूर्व पेशे (कॉमेडियन) का मजाक उड़ाते हुए कहा कि ‘यूक्रेन के इस खूनी जोकर’ ने बाजार से बहुत कुछ चुराया है।
श्री मेदवेदेव ने कहा कि इस धन का उपयोग एक नए, तटस्थ और समृद्ध यूक्रेन के निर्माण के लिए किया जा सकता था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा,“मेरा क्या मतलब है? पश्चिमी दुनिया जितना अधिक यूक्रेन का समर्थन करने में खर्च करेगी ‘यूक्रेन के इस खूनी जोकर’ के शासन के लिए इतिहास का अंत उतना ही भयावह होगा और हमारे क्षेत्र का आकार जितना बड़ा होगा, जो अंततः हमारे मूल रूस में वापस आ जाएगा… हमारे नागरिक और रूसी अधिकारी अपनी पैतृक रूसी भूमि पर लौट जाएँगे।”
