
सलामतपुर। भोपाल-विदिशा स्टेट हाईवे क्रमांक 18 पर स्थित सलामतपुर द्वारकाधीश मंदिर मोड़, बेरखेड़ी चौराहा, लांबाखेड़ा जोड़ और कुलहड़िया के पास बने अंधे मोड़ यात्रियों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। इन स्थानों को अब ब्लैक स्पॉट कहा जाने लगा है, जहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मोड़ों की बनावट इतनी तंग है कि सामने से आ रहे वाहन नजर नहीं आते, जिससे गंभीर हादसे हो जाते हैं।
हाल ही में तेज रफ्तार कार द्वारकाधीश मंदिर की दीवार में जा घुसी, जिससे एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ। इससे पहले भी एक स्कॉर्पियो कार दीवार तोड़कर मंदिर में घुस चुकी है। इन खतरनाक मोड़ों पर न तो चेतावनी संकेतक लगाए गए हैं और न ही कोई सुरक्षा उपाय। प्रतिदिन इस मार्ग से करीब दस हजार वाहन गुजरते हैं, जिनमें भारी वाहन और यात्री बसें शामिल हैं।
इनका कहना है
एमपीआरडीसी विभाग को जल्द ही सुधारात्मक कदम उठाकर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
रघुवीर सिंह मीणा, सरपंच ग्राम पंचायत रातातलाई
