शिवपुरी: जिले के पोहरी थाना क्षेत्र के मारौरा अहीर गांव में सुबह एक प्राचीन शिव मंदिर में शिव परिवार की मूर्तियां खंडित पाई गईं। ग्रामीणों ने जब सुबह पूजा के लिए मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने नंदी और माता पार्वती की मूर्तियां टूटी हुई देखीं। इस घटना से गांव में तनाव फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जमा हो गए। सूचना मिलने पर पोहरी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
ग्रामीणों ने गांव के ही निवासी सुनील जाटव पर मूर्तियां खंडित करने का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपी सुनील जाटव को मौके से हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ शुरू की। पोहरी थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह कुशवाह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं, जिसके आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है।
