सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय भागीदारी के साथ हुए तकनीकी सत्र

ग्वालियर। एमआईटीएस में चल रहे सम्मेलन के दौरान विश्व के 12 देशों बांग्लादेश, फिजी, भारत, इराक, मोरक्को, पेरू, सऊदी अरब, सर्बिया, श्रीलंका, स्विट्ज़रलैंड, अमेरिका और वियतनाम से आए शोधकर्ताओं, वैज्ञानिकों और शिक्षाविदों ने अपने शोध कार्य प्रस्तुत किए।

दो दिवसीय इस सम्मेलन में 15 तकनीकी सत्र (1 ऑफलाइन एवं 14 ऑनलाइन) आयोजित किए गए, जिनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, साइबर सिक्योरिटी, क्लाउड कम्प्यूटिंग, एम्बेडेड सिस्टम, वीएलएसआई डिज़ाइन, और सस्टेनेबल इंजीनियरिंग जैसे समकालीन विषयों पर विस्तृत चर्चाएँ हुईं।

विभिन्न तकनीकी विषयों पर आमंत्रित वक्ताओं द्वारा विचारोत्तेजक व्याख्यान दिए गए, जिनमें गूगल, एएमडी, कैपिटल वन, साइनॉपटेक एलएलसी, राजकीय अभियांत्रिकी कॉलेज (उ.प्र.), तथा मिसौरी यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (यूएसए) जैसे संस्थानों के विशेषज्ञ शामिल रहे। सम्मेलन के कीनोट सेशन में अग्रणी शिक्षाविदों और उद्योग विशेषज्ञों ने विचार साझा किए।

प्रो. मंजरी पंडित, प्रो-वाइस चांसलर, एमआईटीएस-डीयू एवं सम्मेलन की जनरल चेयर ने समापन सत्र की अध्यक्षता की। उन्होंने दो दिवसीय सम्मेलन की गतिविधियों का सार प्रस्तुत करते हुए कहा कि इस मंच ने वैश्विक शोध समुदाय को एकजुट कर सस्टेनेबल एवं नवोन्मेषी समाधान की दिशा में सार्थक योगदान दिया है।डॉ. आर. के. पंडित, कुलपति, एमआईटीएस-डीयू एवं सम्मेलन के संरक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन शोध संस्कृति को सशक्त बनाते हैं और विद्यार्थियों में नवाचार के प्रति नई दृष्टि विकसित करते हैं। प्रो. के. के. अग्रवाल, प्रो-चांसलर, एमआईटीएस-डीयू एवं प्रेसिडेंट, साउथ एशियन यूनिवर्सिटी, नई दिल्ली, ने इंडस्ट्री 5.0 की दिशा में हो रहे वैश्विक परिवर्तन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भविष्य की तकनीक तभी सार्थक होगी जब वह मानव-केंद्रित और सस्टेनेबल विकास की ओर उन्मुख हो।

प्रो. मोहम्मद शोरिफ उद्दीन, जहांगीरनगर विश्वविद्यालय, बांग्लादेश एवं सम्मेलन के जनरल चेयर, ने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि सम्मेलन श्रृंखला ने अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर ली है।सम्मेलन संयोजक डॉ. प्रियंका गर्ग ने बताया कि चयनित शोधपत्रों को प्रकाशित किया जाएगा, उन्होंने सभी प्रतिभागियों, प्रायोजकों, तकनीकी सहयोगियों और समन्वयकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर संस्थान के सभी डीनगण, विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य, शोधार्थी एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में एमआईटीएस-डीयू के शिक्षकों डॉ. पी. के. सिंघल, डॉ. एम. के. त्रिवेदी, डॉ. मनीष दीक्षित, डॉ. आर. एस. जादौन, डॉ. एम. के. सागर, डॉ. रजनी रंजन सिंह, डॉ. प्रवीण बंसल, डॉ. मीर शाहनवाज़ अहमद आदि ने सत्र अध्यक्ष एवं सह-अध्यक्ष के रूप में सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम का मीडिया समन्वय संस्थान के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश मौर्य द्वारा किया गया।

Next Post

महिलाओं ने फिल्मी सांग्स पर किया ग्रुप डांस

Sun Nov 2 , 2025
ग्वालियर। तेरापंथी धर्मशाला नई सड़क में अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन महिला परिषद शाखा ग्वालियर द्वारा दीपावली मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में सभी पदाधिकारी एवं सदस्य बहनों ने पारंपरिक परिधानों में भाग लेकर उत्सव को विशेष बना दिया। इस अवसर पर केंद्रीय कार्याध्यक्ष डॉ.आदर्श दीवान, संस्थापक अध्यक्ष […]

You May Like

Play sound