इंदौर: एयरपोर्ट रोड पर बुधवार सुबह उस वक्त दर्दनाक हादसा हो गया जब बीएसएफ की मिनी बस ने मॉर्निंग वॉक पर निकले 55 वर्षीय पुजारी को टक्कर मार दी. घटना एरोड्रम थाने के सामने हुई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. मृतक की पहचान विजय श्री कॉलोनी निवासी नेत्रपुरी गोस्वामी के रूप में हुई है.सुबह करीब 7 बजे बीएसएफ की मिनी बस बच्चों को लेकर एयरपोर्ट रोड से गुजर रही थी.
इसी दौरान सड़क किनारे परिचितों से बात कर रहे नेत्रपुरी जैसे ही वापस मुड़ने लगे, तेज रफ्तार बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि बस की रफ्तार काफी तेज थी और टक्कर के बाद ड्राइवर करीब 20 फीट आगे जाकर वाहन को रोक पाया, हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई.
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है. नेत्रपुरी गोस्वामी पुजारी का कार्य करते थे और उनके परिवार में पत्नी व दो बच्चे हैं. परिजनों का कहना है कि वे रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे और अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. फिलहाल पुलिस बस और चालक की जांच कर रही है.
