बिहार चुनाव : कांग्रेस ने दूसरे चरण के लिए स्टार प्रचारकों के नाम जारी किए

नयी दिल्ली, 02 नवंबर (वार्ता) कांग्रेस ने बिहार विधानसभा के दूसरे चरण के चुनाव के लिए पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित 40 प्रमुख नेताओं को स्टार प्रचारक बनाया है।

पार्टी ने कहा है कि उसके ये सभी वरिष्ठ नेता 11 नवंबर को होने वाले बिहार विधानसभा के दूसरे चरण के चुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशियों के साथ इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे।

कांग्रेस की सूची में इन शीर्ष नेताओं के अलावा राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, पार्टी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, अधीर रंजन चौधरी और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, तारिक अनवर, सचिन पायलट जैसे प्रमुख नेताओं के नाम शामिल हैं। इनके अतिरिक्त पार्टी ने रणदीप सुरजेवाला, गौरव गोगोई, सुप्रिया श्रीनेत, कन्हैया कुमार, पवन खेड़ा, इमरान प्रतापगढ़ी, जिग्नेश मेवानी, पप्पू यादव और फुरकान अंसारी को भी स्टार प्रचारक बनाया है।

बिहार विधानसभा के लिए पहले चरण का मतदान छह नवंबर को और दूसरे चरण में 11 नवंबर को मतदान होगा।

Next Post

आर्थिक आंकड़ों, वैश्विक कारकों से तय होगी बाजार की दिशा

Sun Nov 2 , 2025
मुंबई, 02 नवंबर (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में पिछले सप्ताह रही गिरावट के बाद आने वाले सप्ताह में घरेलू अर्थव्यवस्था के आंकड़े और वैश्विक कारक बाजार को दिशा देंगे। आने वाले सप्ताह में विनिर्माण और सेवा क्षेत्र के पीएमआई आंकड़े जारी होने हैं। इसके अलावा, अक्टूबर के वस्तु एवं सेवा […]

You May Like

Play sound