
ग्वालियर। ग्वालियर जिले में भी भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य की प्रक्रिया तेज हो गई है। बीएलओ के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रो के बीएलओ के यह प्रशिक्षण अलग-अलग स्थलों पर आयोजित हुए इस दौरान उन्हें विशेष रूप से वोटर्स मैपिंग कार्य की बारीकियां सिखाई गईं।
एसआईआर के तहत बीएलओ घर-घर जाकर गणना पत्रक सौंपेंगे और उसे भरवाने में मतदाताओं का सहयोग करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी रुचिका चौहान ने जिले के सभी मतदाताओं से बीएलओ को सही-सही जानकारी देकर पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करने की अपील की है। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मुद्रण व प्रशिक्षण का कार्य 3 नवम्बर तक किया जायेगा। घर-घर गणना का काम 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर तक होगा। प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 9 दिसम्बर को किया जायेगा। इस सूची से संबंधित दावे व आपत्तियां 9 दिसम्बर से 8 जनवरी तक प्राप्त की जायेंगीं। संबंधित रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा नोटिस दिए जाने अर्थात सुनवाई व प्रमाणीकरण का चरण 9 दिसम्बर से 31 जनवरी तक चलेगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 फरवरी को किया जायेगा।
विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत वर्तमान मतदाता सूची के आधार पर प्रत्येक मतदाता का घर घर जाकर भौतिक सत्यापन कर पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जायेगा। साथ ही स्थानांतरित, मृत, दोहरी प्रविष्टि वाले एवं भारत की नागरिकता न रखने वाले अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने का काम भी होगा। इस दौरान नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिये निर्धारित फॉर्म भी भराए जायेंगे।
