
सौसर। नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार देर रात सौसर में तनावपूर्ण हालात बन गए। बड़ी संख्या में लोग थाने के सामने एकत्र होकर आरोपी पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इस दौरान नगरपालिका उपाध्यक्ष की कथित टिप्पणी से प्रदर्शनकारियों में आक्रोश फैल गया और भीड़ ने शिवाजी चौक पर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया।
सूचना मिलते ही एएसपी, एडीएम, एसडीएम, एसडीओपी और टीआई सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन लोग जनप्रतिनिधि को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। देर रात जब भीड़ शांत नहीं हुई तो पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया। बताया गया कि इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच मामूली झड़प भी हुई।
लाठीचार्ज के बाद हाइवे पर यातायात बहाल कर दिया गया, हालांकि देर रात तक शहर में तनाव बना रहा। रविवार सुबह तक स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। एएसपी नीरज सोनी ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि कानून-व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
