पचमढ़ी में कांग्रेस का महामंथन: शराब और भ्रष्टाचार से बिगड़े प्रदेश के हालात

भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पचमढ़ी में आयोजित होने वाले कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर, प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार किया।

पटवारी ने बताया कि पचमढ़ी में शुरू हो रहे तीन दिवसीय “महामंथन” शिविर में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) कार्यक्रम सहित कई संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की जाएगी। हाल ही में नियुक्त जिलाध्यक्षों को पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक ढांचे और कार्यप्रणाली की ट्रेनिंग दी जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान के बाद यह प्रशिक्षण जिला स्तर पर कांग्रेस को और मजबूत करेगा।

शराबखोरी और नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए पटवारी ने कहा, “युवा पीढ़ी को शराब और नशे से बचाना हमारी प्राथमिकता है। भाजपा सरकार 17,000 करोड़ रुपये के राजस्व लक्ष्य के लिए युवाओं का भविष्य दांव पर लगा रही है।”

मुख्यमंत्री मोहन यादव के “25 साल के विजन” बयान पर तंज कसते हुए पटवारी ने कहा, “मध्य प्रदेश आज 5 लाख करोड़ के कर्ज में डूबा है। कानून-व्यवस्था चरमराई हुई है। भाजपा के सांसद और विधायक जनता के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं — हाल ही में सतना में भाजपा सांसद गणेश सिंह ने एक आम नागरिक को थप्पड़ मारा, यही उनकी संस्कृति है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि “भाजपा सरकार 50% कमीशन वाली सरकार है,” और कहा कि “राज्य में घर-घर शराब पहुंचाने का काम हो रहा है, जबकि किसानों को यातनाएं दी जा रही हैं। ओबीसी आरक्षण रोक दिया गया है, 27 विभागों के कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल रहा, और मुख्यमंत्री 200 करोड़ रुपये का हवाई जहाज खरीदकर उस पर रोजाना 25 लाख रुपये खर्च कर रहे हैं।”

पटवारी ने भाजपा पर डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा, “हाईकोर्ट परिसर में बाबा साहब की प्रतिमा न लगने के पीछे भाजपा सरकार की भूमिका है।”

कांग्रेस सरकार की तुलना करते हुए उन्होंने कहा, “कांग्रेस के 55 साल के शासन में न 50% कमीशनखोरी थी, न जनता पर हिंसा, न घर-घर शराब वितरण, और न किसानों पर अत्याचार।”

अंत में पटवारी ने कहा कि मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी जनता के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आने वाले दिनों में संगठन को और सशक्त बनाकर जनता के मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी।

Next Post

महाकाल यात्रा पर आपत्ति, हज पर पुष्पवर्षा करते पटवारी: रामेश्वर

Sun Nov 2 , 2025
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के बयानों पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कड़ा पलटवार किया है। शर्मा ने कहा कि पटवारी को यह क्यों सताने लगा है कि मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर उत्सव क्यों मनाए जा रहे हैं, हर जिले में कार्यक्रम क्यों हो रहे हैं, ड्रोन क्यों […]

You May Like