
शाजापुर।जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर उज्जैन जिले के तराना थाना क्षेत्र के ग्राम बंजारी के पास शनिवार दोपहर करीब 2 बजे एक सडक़ हादसा हो गया. शाजापुर से मक्सी की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार ने सडक़ किनारे खड़े एक बुजुर्ग को टक्कर मार दी. इस हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई. यह घटना एकता होटल के पास हुई, बंजारी निवासी उदाजी गुर्जर अपने खेत पर जाने के लिए सडक़ किनारे खड़े थे. तभी तेज गति से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसे के बाद कार चालक वाहन छोडक़र मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर तराना थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की. इधर बुजुर्ग को एंबुलेंस की मदद से शाजापुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्अर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के शवगृह में रखा गया है. तराना थाना प्रभारी रामनारायणसिंह भदौरिया ने बताया कि पुलिस ने कार चालक और उसके साथियों की तलाश शुरू कर दी है, इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है.
