सिंगरौली: डीएमएफ से ब्लॉक मुख्यालय देवसर में तकरीबन 11 करोड़ रूपये के लागत से कॉलेज भवन का निर्माण कार्य कराया गया था। किंतु गुणवत्ताविहीन कार्य होने से कॉलेज भवन की दीवार में जगह-जगह दरारें पड़ने पर छात्रों ने क्रियान्वयन एजेंसी पर कार्रवाई करने की मांग की है।गौरतलब है कि ब्लॉक मुख्यालय देवसर में वर्ष 2020 में जिला खनिज प्रतिष्ठान सिंगरौली के मद से शासकीय डिग्री कॉलेज देवसर भवन निर्माण के लिए तकरीबन नौ करोड़ रूपये के अधिक लागत मंजूर हुई। जहां वर्ष 2020 में तत्कालीन मंत्री कमलेश्वर पटेल के मुख्य आतिथ्य एवं तत्कालीन सांसद रीति पाठक की अध्यक्षता तथा जिला पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार पाठक के विशेष आतिथ्य में शिलान्यास हुआ था।
उस दौरान क्रियान्वयन एजेंसी को सख्त निर्देश दिये गये थे भवन निर्माण के गुणवत्ता की अनदेखी बर्दास्त नही की जाएगी और शिकायत मिलने पर संबंधी क्रियान्वयन एजेंसी के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। जनप्रतिनिधियों के उक्त निर्देश के बाद महाविद्यालय के छात्रों एवं प्रबुद्धजनों में एक उम्मीद थी कि कॉलेज भवन का निर्माण कार्य बेहतर होगा, लेकिन ऐसा नही हुआ। हमारे देवसर संवाददाता बृजेश चतुर्वेदी जिस वक्त भवन का निर्माण कार्य करीब-करीब पूर्ण होने वाला था। उसी दौरान निर्माणधीन कॉलेज की दीवार भरभराकर गिर गई।
आनन-फानन में ठेकेदार व क्रियान्वयन एजेंसी ने लीपापोती कर उसे पूर्ण कर दिया और क्रियान्वयन एजेंसी के द्वारा कॉलेज भवन के कार्य का भुगतान भी कर दिया गया। लेकिन अब कॉलेज भवन के दिवाल में जगह-जगह पड़ी दरारों को देख महाविद्यालय में अध्ययन करने वाले छात्र-छात्राओं एवं प्राध्यापको को भी डर सताने लगा है। आलम यह है कि महाविद्यालय भवन में कोई भी ऐसी दिवाल नही है, जिसमें बड़ी-बड़ी दरारें न पड़ी हुई है। जबकि कॉलेज भवन के लोकार्पण एक साल पूर्व हुआ था। अब सवाल उठ रहा है कि जब करोड़ों रूपये के भवन में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं तो आगे कॉलेज भवन की अवधि कितनी होगी, अब इस पर भी सवाल खड़े होने लगे।
छात्रों ने एक स्वर से जांच कराने की उठाई मांग
हमारे देवसर संवाददाता बृजेश चतुर्वेदी ने बताया कि महाविद्यालय भवन के निर्माण कार्य में गुणवत्ता की अनदेखी की गई है। महाविद्यालय भवन के दिवालों में पड़ी दरारें भी अपने-आप बयां कर रही हैं। क्रियान्वयन एजेंसी ने सब कुछ ठेकेदार पर थोप दिया है। जिसके चलते लोकार्पण होने के एक साल के अंदर ही गुणवत्ताविहीन कार्य सामने आ गया। छात्रों ने यह भी कहा है कि दीवार की दरारों को देखकर डर लगने लगता है। पक्के भवन की लाईफ कितनी होती है, इसे जिला प्रशासन ही बता सकता है।
एक साल पूर्व हुआ था कॉलेज भवन का लोकार्पण
शासकीय महाविद्यालय देवसर के भवन एवं बहुउद्देशीय मल्टीपर्पज हाल निर्माण लागत 9.89 करोड़ रूपये का लोकार्पण सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक एवं जनपद अध्यक्ष देवसर प्रणव पाठक के अध्यक्षता में 14 दिसम्बर 2024 को संपन्न हुआ। भवन लोकार्पण के एक साल के अंदर ही भवन को देख छात्र-छात्राएं भी कोसने भी लगे हैं। छात्रों ने महाविद्यालय के भवन के निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच कराई जाये और दोषी जनों पर सख्त कार्रवाई हो।
