नयी दिल्ली, 31 अक्टूबर (वार्ता) केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य एवं संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि अपनी अदम्य इच्छाशक्ति और अथक प्रयासों से सरदार बल्लभभाई पटेल ने साढ़े पांच सौ रियासतों से ज्यादा को एकीकृत कर आधुनिक भारत का निर्माण किया।
श्री रिजिजू ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का योगदान अद्वितीय और अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय एकता के प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि अपनी अदम्य इच्छाशक्ति और अथक प्रयासों से सरदार पटेल ने सैकड़ों विविध रियासतों को एकीकृत कर आधुनिक भारत का निर्माण किया।
उन्होंने गुजरात के केवड़िया में स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के राष्ट्रीय महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के लोगों को हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को समझने और उनके संघर्षों पर गर्व करने की आवश्यकता है।
