
मंडला। नारायणगंज के ग्राम भावल और गूजरसानी मार्ग में एक सड़क हादसे में छह लोग घायल हो गए, जिसमें एक पैदल जा रही युवती भी शामिल है। हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल जबलपुर मेडिकल रैफर कर दिया। वहीं तीन लोगों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज में चल रहा है। हादसे की जानकारी टिकरिया थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच कर रही है।
जानकारी अनुसार नारायणगंज के ग्राम भावल और गूजरसानी मार्ग के एक एक मोड़ पर दो बाईक की जोरदार टक्कर हो गई। बताया गया कि एक बाईक में तीन युवक सवार थे, बाईक में रामनाथ मरावी पिता अमर सिंह मरावी 21 वर्ष निवासी गूजरसानी, रवि सिंह मरावी पिता सवन सिंह मरावी 20 वर्ष निवासी गूजरसानी और शिवराज यादव पिता मनीराम यादव 20 वर्ष ग्राम गूजरसानी सवार थे, जो भावल की तरफ तेज रफ्तार में आ रहे थे। वहीं ग्राम भावल निवासी दो युवक धनेश्वर यादव पिता अज्जू लाल यादव 25 वर्ष और अनिल यादव पिता सुंदर लाल यादव 40 वर्ष अपनी बाईक से ग्राम गूजरसानी की तरफ किसी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम गूजरसानी की तरफ से आ रहे बाईक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी।
घायल अनिल यादव ने बताया कि वह धनेश्वर के साथ किसी कार्य से ग्राम गूजरसानी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान भावल और गूजरसानी के बीच एक मोड़ पर गूजरसानी की तरफ से एक तेज रफ्तार बाईक आ रही थी। जिसमें तीन युवक सवार थे, बाईक की तेज रफ्तार को देखकर इन्होंने अपनी बाईक मार्ग के किनारे कर ली, लेकिन तेज रफ्तार में आ रहे बाईक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी और आगे बढ़ते हुए पैदल जा रही विराजो सैयाम पिता राम किशोर मलगाम निवासी भावल को टक्कर मार दिए। जिसके बाद एक बाईक में सवार तीनों युवक तेज रफ्तार में नीचे गिर गए। घायल विराजो सैयाम गूजरसानी से ग्राम भावल जा रही थी।
बताया गया कि हादसा इतना जबरदस्त था कि एक बाईक में सवार तीनों युवकों में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरे बाईक सवार के दोनों युवक भी घायल हो गए। हादसे में रवि सिंह मरावी को गंभीर चोट आई है, जिसका सीधा पैर गुटने से टूट गया था। वहीं रामनाथ मरावी को सिर मेंं गंभीर चोट लगी है। वहीं ग्राम भावल निवासी दोनों युवकों में धनेश्वर यादव के पैर की अंगुलियां टूट गई है। वहीं अनिल यादव को भी हाथ पैर और अन्य स्थानों में चोटे आई। शिवराज यादव को भी हाथ पैर में चोटें है। वहीं विराजो सैयाम भी इस हादसे में चोटिल हो गई है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज लाया गया। जहां चिकित्सक डॉ. राजेश अहिरवार और डॉ. राकेश विश्वनोई द्वारा सभी घायलों का उपचार शुरू किया गया। बताया गया कि हादसे में घायल लोगों के सीएचसी में आने के बाद सीएचसी के स्टाफ से नर्सिंग ऑफीसर राजकुमारी सैयाम, सरोजनी धुर्वे, ड्रेसर संतलाल, सूरज, गार्ड दुर्गेश सिंगरौरे, अंकित और रोहित शर्मा ने तत्काल सक्रिय होकर सभी घायलों को उपचार दिलाने में मदद की गई। घायलों में तीन गंभीर युवक रामनाथ मरावी, रवि सिंह मरावी और धनेश्वर यादव को तत्काल उपचार देकर जबलपुर मेडिकल रैफर कर दिया गया। वहीं तीन घायलों का उपचार सीएचसी नारायणगंज में चल रहा है।
