15 जुलाई से शुरू होगा नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस 15 से 30 जुलाई तक राज्यव्यापी जनजागरूकता अभियान ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ चलाएगी। अभियान को व्यापक और प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों और सामाजिक समूहों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। इसके लिए पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समन्वय बैठक आयोजित कर विस्तृत कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया गया।

बैठक में सामाजिक न्याय, स्वास्थ्य, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, खेल एवं युवा कल्याण, श्रम, ग्रामीण विकास तथा जनसंपर्क सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। अभियान के दौरान सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर प्रदेशभर में एक साथ जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने कहा कि यह केवल पुलिस का अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से नशामुक्त समाज बनाने का एक व्यापक सामाजिक आंदोलन है। उन्होंने बताया कि अभियान का शुभारंभ 15 जुलाई को भोपाल स्थित रविन्द्र भवन में होगा। इसके बाद स्कूलों, कॉलेजों, छात्रावासों, खेल अकादमियों, ग्राम पंचायतों, शहरी क्षेत्रों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (नारकोटिक्स) डी. श्रीनिवास वर्मा ने बताया कि अभियान के लिए दिनवार गतिविधियों का कैलेंडर तैयार किया गया है। इसके तहत नशामुक्ति शपथ, रैलियां, मानव श्रृंखला, नुक्कड़ नाटक, लघु फिल्म प्रदर्शन, पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिताएं, खेल गतिविधियां और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थों के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन कार्रवाई भी तेज की जाएगी।

अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभाग हजारों स्वयंसेवकों, स्वास्थ्यकर्मियों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और सामाजिक संगठनों को जोड़कर समाज के प्रत्येक वर्ग तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाएंगे।

Next Post

बीएचईएल भोपाल की बड़ी कामयाबी: सुन्नी बांध जलविद्युत परियोजना का टर्बाइन मॉडल परीक्षण सफल

Mon Jul 6 , 2026
भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) ने प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के माध्यम से एसजेवीएन लिमिटेड की हिमाचल प्रदेश स्थित सुन्नी बांध जलविद्युत परियोजना के लिए प्रतिष्ठित ऑर्डर हासिल किया है। इस परियोजना में 73 मेगावाट क्षमता की पांच तथा 17 मेगावाट क्षमता की एक टर्बाइन-जनरेटर इकाई स्थापित की जाएगी। परियोजना […]

You May Like