भिण्ड: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भिण्ड जिले की मेहगांव तहसील स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल दंदरौआ सरकार धाम पहुंचकर दर्शन किए तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंदिर परिसर में भगवान के समक्ष प्रदेश की उन्नति, किसानों की समृद्धि तथा नागरिकों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर उन्होंने दंदरौआ सरकार धाम की धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे आस्था केंद्र समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं। इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, उपस्थित रहें। उन्होंने मंदिर के महंत श्री 1008 रामदास महाराज से भेंट की एवं मंदिर परिसर का भ्रमण किया। मुख्यमंत्री के आगमन पर जन प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं श्रद्धालुओं द्वारा उनका स्वागत किया गया। दर्शन एवं पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा।
