
इटारसी। रेलवे जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर अप साइड की ओर रेल पटरी टूटने का मामला सामने आया है, जिसे इटारसी के सी एंड डब्ल्य स्टाफ के कर्मचारी विजय पाटनेकर ने समय रहते देख लिया। प्लेटफॉर्म नंबर 4 के पास ट्रैक के जोड़ के हिस्से में स्पष्ट टूटन और दरार बन गयी थी, जबकि आसपास यात्रियों की मौजूदगी और ट्रेनों की आवाजाही भी चल रही थी। यदि यह खामी समय पर पकड़ में न आती और ट्रेन वहां से गुजरती, तो संभावित बड़ा रेल हादसा हो सकता था और नतीजे बेहद गंभीर हो सकते थे, ऐसे में इतनी बड़ी चूक का पहले ही नजर में आ जाना वाकई बड़ी बात है। सीएंडडब्ल्यू कर्मचारी की तत्परता और सतर्कता से संभावित बड़ा संकट टल गया, जिससे यात्रियों और रेल परिचालन से जुड़े लोगों ने राहत की सांस ली।
