जबलपुर: ओमती और गोरखपुर थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने चाकूबाजी की दो अलग-अलग वारदातों को अंजाम दिया। कहीं सवारी बैठाने की बात पर ई-रिक्शा चालक पर जानलेवा हमला किया गया, तो कहीं सड़क पर पैसे ढूंढ रहे 12वीं के छात्र से शराब के लिए 500 रुपये की अवैध वसूली न होने पर चाकू घोंप दिया गया। पुलिस ने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
ओमती पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार तीन पत्ती पेट्रोल पंप के पास ई-रिक्शा चालक अजय अहिरवार (30) द्वारा सवारी बैठाने पर एक अन्य ऑटो चालक ने विवाद किया। अवैध रूप से पैसों की मांग पूरी न होने पर आरोपी ने अजय के पेट में चाकू मारकर घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। इसी तरह गोरखपुर हाथीताल में सनातन धर्म स्कूल के पास 12वीं का छात्र आदर्श बर्मन (19) अपने दोस्त के साथ जेब से गिरे पैसे ढूंढ रहा था। तभी आरोपी गज्जी ठाकुर अपने साथी के साथ आया और शराब के लिए 500 रुपये मांगे। मना करने पर गज्जी ने छात्र की जांघ में चाकू घोंप दिया और बीच-बचाव करने आए उसके दोस्त को चांटा मारकर फरार हो गए।
