पठारी: पठारी-खुरई मार्ग पर कल रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ग्राम जाजपोन के पास एक कार अनियंत्रित होकर रोड किनारे खुदी गहरी खदान में जा गिरी। ग्रामीणों के अनुसार, दीपक भार्गव (39 वर्ष) पुत्र कल्याण प्रसाद भार्गव, निवासी ग्राम चोपड़ा, अपनी आई-10 कार से पठारी से चोपड़ा जा रहे थे। इसी दौरान जाजपोन के पास अंधे कुएं के समीप उनकी कार अनियंत्रण होकर पानी से भरी खदान में गिर गई।
रात्रि करीब 9 बजे हुई इस दुर्घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर 112 वाहन के चालक शैलेन्द्र ठाकुर एवं सैनिक रामस्वरूप यादव मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से कार का कांच तोड़कर दीपक भार्गव को बाहर निकाला। उन्हें उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पठारी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।परिजनों ने बताया कि दीपक परिवार का इकलौता बेटा था। उनकी दो विवाहित बहनें हैं, और अब वृद्ध माता-पिता का कोई सहारा नहीं बचा।
