परासिया रोड स्थित कॉलोनी अवैध घोषित

छिंदवाड़ा। नगर निगम ने परासिया रोड क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की गई एक कॉलोनी को अवैध घोषित कर दिया है। यह कार्रवाई उस समय की गई जब जांच में पाया गया कि संबंधित भूमि पर बिना किसी विकास अनुमति के भूखंडों का विभाजन कर कॉलोनी का निर्माण किया गया था। गानाराम पिता भागचंद निवासी पोआमा के द्वारा पोआमा स्थित 0.2640 हेक्टेयर भूमि पर बिना वैधानिक स्वीकृति के कॉलोनी विकसित की गई। भूमि को अलग अलग भूखंडों में विभाजित कर बेचा गया जबकि इस कार्य के लिए किसी प्रकार की विकास अनुमति या कॉलोनी अनुज्ञा नगर निगम से प्राप्त नहीं की गई थी। मामले की शिकायत प्राप्त होने पर नगर निगम द्वारा विभिन्न स्तरों पर जांच की गई। जांच के दौरान संबंधित व्यक्ति से स्पष्टीकरण और दस्तावेज मांगे गए, परंतु संतोषजनक उत्तर न मिलने के बाद नगर निगम आयुक्त चंद्रप्रकाश राय ने उक्त कॉलोनी को अवैध कॉलोनी घोषित करने के आदेश जारी किए। आयुक्त सीपी राय ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में बिना अनुमति कॉलोनी विकसित करना मध्यप्रदेश नगर पालिक निगम अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संपत्ति या भूखंड की खरीद-फरोख्त से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की जांच अवश्य करें, ताकि उन्हें भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बिना अनुमति विकसित की गई कॉलोनियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, और दोषियों पर नियमानुसार दंडात्मक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Next Post

विदिशा को सौगात: सीएम डॉ मोहन यादव ने सांसद खेल महोत्सव का किया शुभारंभ, फोर लेन रोड और नए स्टेडियम की घोषणा

Thu Oct 30 , 2025
विदिशा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खेल स्टेडियम में आयोजित सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ की घोषणा कर ट्रॉफी का अनावरण किया है. इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सलामतपुर-सांची होते हुए विदिशा-भोपाल मार्ग को फोर लाइन बनाए जाने एवं विदिशा में एक अच्छा खेल स्टेडियम बनाए […]

You May Like