
छतरपुर। छतरपुर जिले के मातगुवां थाना क्षेत्र के ग्राम बुदौर में एक दंपती पर आधा दर्जन लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना आज दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। घायल दंपती की पहचान काशीबाई अहिरवार और उनके पति हिम्मती अहिरवार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दंपती किसी काम से पास के पुरवा में गए थे, तभी कुछ लोगों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने हवाई फायर भी किया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विवाद पुराना आपसी झगड़ा बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
