
सलामतपुर। बीती रात भोपाल-विदिशा स्टेट हाइवे 18 पर वाटिका रेस्टोरेंट के पास एक तेज़ रफ़्तार ट्रक ने स्विफ्ट डिज़ायर कार (एमपी 04 जेडडब्ल्यू 8177) को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार दंपत्ति बाल-बाल बच गए, हालांकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने ट्रक (एमपी 07 एचबी 6325) ज़ब्त कर चालक धन सिंह लोधी निवासी अयोध्या नगर, बेगमगंज रायसेन के खिलाफ धारा 281 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।
हाइवे पर लगातार बढ़ती दुर्घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों ने इसे शीघ्र 4 लेन करने की मांग की है। इस मार्ग पर रोज़ाना सैकड़ों ट्रक, बसें और भारी वाहन तेज़ रफ़्तार से गुजरते हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ा हुआ है। थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी ने बताया कि चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
