
नई दिल्ली, 29 अक्टूबर 2025: वनडे सीरीज के बाद भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें आज (29 अक्टूबर) कैनबरा के मनुका ओवल में पहले T20 मुकाबले में एक दूसरे के खिलाफ उतरने को तैयार हैं। मनुका ओवल की पिच संतुलित मानी जाती है; यहाँ शुरुआत में गेंदबाजों को मदद मिलती है, जबकि बल्लेबाजों को सेट होने के बाद बड़ी पारी खेलने का मौका मिलता है। इस मैदान पर लक्ष्य का पीछा करना आसान नहीं माना जाता है। यहाँ अब तक खेले गए 5 T20I में औसत स्कोर 144 रन के करीब रहा है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच T20I का हेड टू हेड रिकॉर्ड भारतीय टीम के पक्ष में रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक हुए 32 मुकाबलों में से टीम इंडिया ने 20 मैच जीते हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया को सिर्फ 11 बार ही जीत मिली है। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 1:45 बजे शुरू होगा। कैनबरा में मैच के दौरान भारी बारिश की आशंका नहीं है, हालाँकि मौसम ठंडा रहेगा और तापमान 9 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।
वनडे सीरीज में हार के बाद सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली युवा भारतीय टीम T20 सीरीज में जीत के इरादे से उतरेगी। पहले T20 के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन इस प्रकार है: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, संजू सैमसन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह। टीम इंडिया वनडे की हार का बदला लेने और T20 वर्ल्ड कप की तैयारियों को परखने के लिए मैदान पर उतरेगी।
