
नई दिल्ली, 28 अक्टूबर 2025: राजधानी दिल्ली के गांधी विहार इलाके में हुए यूपीएससी छात्र रामकेश मीणा (32) हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी महिला अमृता चौहान (21) ने अपने पूर्व बॉयफ्रेंड सुमित कश्यप (27) और उसके दोस्त संदीप कुमार (29) के साथ मिलकर हत्या की खौफनाक साजिश रची थी। रामकेश की जली हुई लाश 6 अक्टूबर को उनके फ्लैट में मिली थी।
पुलिस ने बताया कि अमृता ने हार्ड डिस्क वापस लेने के लिए हत्या की योजना बनाई थी, जिसमें रामकेश के पास उसके अश्लील वीडियो थे। पूछताछ में अमृता ने कबूल किया कि उन्होंने रामकेश मीणा का गला घोंटा था। इसके बाद लाश को जलाने के लिए तेल, घी और शराब का इस्तेमाल किया गया, ताकि इसे ‘एक्सीडेंटल फायर’ दिखाया जा सके। सुमित ने तो एलपीजी सिलेंडर का नॉब खोलकर इसे ब्लास्ट का केस बनाने की भी कोशिश की थी।
पहले यह मामला हादसे का लगा, लेकिन फॉरेंसिक रिपोर्ट में आग का पैटर्न संदिग्ध पाया गया। CCTV फुटेज में 5 अक्टूबर की रात दो नकाबपोश पुरुष और उनके बाद अमृता को बिल्डिंग में दाखिल होते देखा गया। कॉल रिकॉर्ड्स से पुष्टि हुई कि घटना के वक्त अमृता का फोन उसी जगह पर था। पुलिस ने 18 अक्टूबर को अमृता और उसके बाद सुमित व संदीप को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी पूछताछ में हैं।
