मुंबई, (वार्ता) विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफपीआई) ने अक्टूबर में अब तक भारतीय पूंजी बाजार में 24,171 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया है।
इसका अर्थ यह हुआ कि उन्होंने बाजार से जितनी राशि निकाली है उससे 24,171 करोड़ रुपये ज्यादा लगाये हैं।
सीडीएसएल के आंकड़ों के अनुसार, एफपीआई ने अक्टूबर में डेट में 14,533.72 करोड़ रुपये और इक्विटी में 7,329 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया है। हाइब्रिड इनस्ट्रूमेंट में भी उनका निवेश 2,730 करोड़ रुपये बढ़ा है। हालांकि म्युचुअल फंड से उन्होंने शुद्ध रूप से 536 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की है।
मई के बाद पहली बार एफपीआई भारतीय पूंजी बाजार में लिवाल बने हुए हैं। इससे पहले, सितंबर में उन्होंने 12,571 करोड़ रुपये, अगस्त में 20,635 करोड़ रुपये, जुलाई में 5,261 करोड़ रुपये और जून में 7,769 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की थी।
इस साल अबतक एफपीआई ने बाजार से कुल मिलाकर 60,439 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की है।
