
झाबुआ। मप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झाबुआ द्वारा तीन दिवसीय ‘सामुदायिक मध्यस्थता प्रशिक्षण कार्यक्रम’ का शुभारंभ अंबा रिसोर्ट बाड़कुआ में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जस्टिस विवेक रुसिया, प्रशासनिक न्यायाधिपति, मप्र उच्च न्यायालय इंदौर ने कहा कि सामुदायिक मध्यस्थता प्रारंभिक स्तर पर विवादों को समाप्त कर स्वस्थ समाज निर्माण की कुंजी है। उन्होंने कहा कि मध्यस्थता की परंपरा रामायण और महाभारत काल से चली आ रही है, जिसमें न कोई हारता है न जीतता।
कार्यक्रम में प्रधान जिला न्यायाधीश श्रीमती विधि सक्सेना ने बताया कि सामुदायिक मध्यस्थता एक स्वैच्छिक प्रक्रिया है, जो समाज में आपसी सुलह से विवाद निपटाने में सहायक है। कलेक्टर नेहा मीना ने कार्यक्रम के लिए न्यायमूर्ति रुसिया का आभार जताते हुए पूर्ण प्रशासनिक सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में 48 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
