रायपुरा में दलित युवक की हत्या पर उबाल, एसपी ने खुद संभाला मोर्चा,आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज

दबोह। भिंड जिले के दबोह थाना क्षेत्र के रायपुरा नंबर-2 गांव में दलित युवक रूद्र प्रताप सिंह जाटव (35) की हत्या के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने आरोपियों के घरों पर हमला कर आगजनी की, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। बढ़ते तनाव को देखते हुए एसपी डॉ. असित यादव खुद मौके पर पहुंचे और मोर्चा संभाला।

एसपी ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दबिशें दी जा रही हैं।

घटना शनिवार शाम की है, जब रूद्र प्रताप अपने मामा तुलाराम जाटव के साथ बाजार से लौट रहे थे। तभी रिनियां गांव के पास पहले से घात लगाए बैठे रणवीर, अशु, प्रह्लाद, राजीव और कुंवर सिंह कौरव ने उन पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रूद्र प्रताप की ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई।

हत्या की खबर फैलते ही जाटव समाज में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने आरोपियों के घरों पर हमला कर वाहनों में आग लगा दी। पुलिस ने स्थिति पर काबू पाने के लिए भारी बल बुलाया और पूरे गांव में गश्त बढ़ा दी है।

एसपी यादव ने कहा कि, यह एक जघन्य अपराध है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। सभी आरोपी जल्द गिरफ्तार होंगे और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने पांचों नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या और एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।

Next Post

केरवा डैम से बरामद हुआ इंजीनियर का शव

Sun Oct 26 , 2025
भोपाल। कोलार के एक होटल से लापता हुए युवक का शव केरवा डैम से बरामद किया गया. मृतक सॉफ्टवेयर इंजीनियर था और अपने आत्महत्या करने की भी जानकारी उसने अपने भाई को दी थी. मृतक अपने भाई को फोन पर सूचना देने के बाद से गायब हो गया था और […]

You May Like

मनोरंजन