इंग्लैंड की महिला टीम ने न्यूजीलैंड को आठ विकेट से हराया

विशाखापत्तनम, 26 अक्टूबर (वार्ता) गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद ऐमी जोंस (नाबाद 86), और टैमी ब्यूमोंट (40) की शानदार पारियों के दम पर इंग्लैंड ने रविवार को महिला विश्वकप के 27वें मुकाबले में न्यूजीलैंड को 124 गेंदे शेष रहते आठ विकेट से हरा दिया।

न्यूजीलैंड के 168 रनों के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड के लिए ऐमी जोंस और टैमी ब्यूमोंट की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 75 रन जोड़े। 15वें ओवर में लिया तहुहू ने टैमी ब्यूमोंट को पगबाधा कर इस साझेदारी को तोड़ा। ब्यूमोंट ने 38 गेंदो में सात चौके लगाकर 40 रन बनाये। इसके बाद बल्लेबाजी करने आयी हीथर नाइट ने ऐमी जोंस के साथ पारी को संभाला और तेजी के साथ रन बटोरे। 28वें ओवर की पहली गेंद पर सोफी डिवाइन ने हीथर नाइट को पगबाधा आउट कर हार की दहलीज पर खड़ी न्यूजीलैंड को दूसरी सफलता दिलाई। हीथर नाइट ने 40 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाते हुए 33 रन बनाये।

सेमीफाइनल में पहले ही जगह बना चुके इंग्लैंड ने 29.2 ओवर में दो विकेट पर 172 रन बनाकर मुकाबला आठ विकेट से जीत लिया। ऐमी जोंस ने 92 गेंदों में 11 चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 86 रन बनाये। जोंस को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। न्यूजीलैंड की ओर से सोफी डिवाइन और लिया तहुहू ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां न्यूजीलैंड की महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड, इंग्लैंड के गेंदबाजी आक्रमण के आगे अधिक देर तक नहीं टिक पायी और 38.2 ओवर में 168 के स्कोर पर सिमट गई। न्यूजीलैंड के लिए जॉर्जिया प्लिमर ने सर्वाधिक 43 रनों की पारी खेली। एमेलिया केर ने (35), कप्तान सोफी डिवाइन (23), मैडी ग्रीन (18), इसाबेला गेज (14), सूजी बेट्स और जस केर ने 10-10 रनों का योगदान दिया। इंग्लैंड के लिए लिंसी स्मिथ ने तीन विकेट लिये। नेट शिवर ब्रंट और ऐलिस कैप्सी को दो-दो विकेट मिले। सोफी एक्लस्टोन और शार्लेट डीन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

Next Post

एसएम सिस्टम से धान कटाई व्यवस्था पर उठे सवाल, किसानों ने जताई नाराजगी

Sun Oct 26 , 2025
जबलपुर: पनागर क्षेत्र के कुछ किसानों ने हार्वेस्टर में एसएम सिस्टम लगाकर कटाई करने की व्यवस्था पर नाराजगी जताई है और नई व्यवस्था को फेल बताया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को ग्राम पंचायत बम्हनौदा के अंतर्गत ग्राम फूटाताल (पनागर) में एसएमएस लगाकर हार्वेस्टर से धान की […]

You May Like