जबलपुर:राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तीन दिवसीय अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल बैठक 30 अक्टूबर से कचनार क्लब में शुरू होने जा रही है। बैठक से पहले सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जबलपुर में प्रवास पर हैं और शनिवार को उन्होंने आयोजन स्थल पहुँचकर तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
जानकारी के अनुसार बैठक में संघ के सभी 46 प्रांतों के प्रांत संघचालक, कार्यवाह, प्रचारक, सह प्रांत संघचालक और अन्य अखिल भारतीय पदाधिकारी शामिल होंगे। सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले तथा सभी सह सरकार्यवाह बैठक में मौजूद रहेंगे।इस बैठक में वर्ष 2025-26 की वार्षिक योजना, संघ कार्य के विस्तार और शताब्दी वर्ष की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। वहीं, समसामयिक राष्ट्रीय विषयों पर भी विचार-विमर्श होगा।कचनार क्लब और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा एजेंसियों व स्थानीय पुलिस बल की कड़ी व्यवस्था की गई है। सरसंघचालक 4 नवंबर तक जबलपुर में रहेंगे।
