सतना : गुरुवार की शाम को घर से निकले वृद्ध व्यक्ति का शव अगले दिन तालाब में उतराता मिला. मृतक सेवा निवृत्त रेलकर्मी थे. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है.शुक्रवार की सुबह मैहर में गवर्धा तालाब की ओर निकले कुछ रहवासियों के पैरों तले उस वक्त जमीन खिसक गई जब उन्हें तालाब में एक व्यक्ति का शव औंधे मुंह उतराता नजर आया. जिसे देखते हुए आनन-फानन में घटना की सूचना पुलिस को दी गई.
मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा गोताखारों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया गया. तलाशी के दौरान पुलिस को मृतक की जेब से आधा कार्ड बरामद हुआ. जिसके जरिए मृतक की पहचान 65 वर्षीय मंगलदीन द्विवेदी के तौर पर हुई. जिसके चलते पुलिस द्वारा मृतक के संबंध में और जानकारी जुटाई. जिसके जरिए मालुम हुआ कि मंगलदीन सेवा निवृत्त रेल कर्मी थे.
उनके दोनों बेटों की पहले ही मौत हो चुकी थी. लिहाजा मंगलदीन अपनी पत्नी सावित्री के साथ मैहर के कोरियान मोहल्ला पुरानी बस्ती में रह रहे थे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया. परिजनों के अनुसार मंगलदीन गुरुवार की शाम 5 बजे घर से निकले थे. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है.
