लोकपाल कार्यालय में आधे दर्जन से ज्यादा (बीएमडब्लू) कार ख़रीदने की निविदा का कांग्रेस ने विरोध जताया

नयी दिल्ली 22 अक्टूबर (वार्ता) भारत सरकार के लोकपाल कार्यालय की तरफ से सात (बीएमडब्ल्यू) लक्जरी कारों की खरीद के लिए निविदा जारी करने पर कांग्रेस ने सवाल उठाये हैं।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि भ्रष्टाचार विरोधी प्राधिकरण अब एक ‘शॉकपाल’ बन गया है। श्री रमेश ने लोकपाल की कार्यवाही पर सवाल उठाये और लोकपाल द्वारा की गयी जांच और गिरफ्तारियों के बारे में भी सवाल पूछें।

उन्होंने कहा, “ लोकपाल अब लोकपाल नहीं रहा। यह ‘शोकपाल’ और ‘शॉकपाल’ हो गया है। अन्ना हजारे, अरविंद केजरीवाल, ‘इंडिया अगेंस्ट करप्शन’ और आरएसएस ने 2012 और 2013 में लोकपाल के महत्व पर जोर देते हुए खूब प्रचार किया था। अब जरा लोकपाल के कार्यों पर ही नजर डालिए। लोकपाल ने कौन सी जांच शुरू की है? उन्होंने किन लोगों को गिरफ्तार किया है?”

श्री रमेश से पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी चिदंबरम भी इन कारों के लिए निविदा जारी करने पर विरोध जता चुके हैं।

श्री चिदंबरम ने कहा कि यहां तक कि उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीशों को भी साधारण सेडान कारें उपलब्ध करायी जाती हैं। साथ ही उन्होंने उम्मीद जतायी कि लोकपाल कार्यालय के कुछ सदस्य इन लक्जरी कारों का उपयोग करने से बचेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “ जब सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों को साधारण सेडान कारें मिलती हैं, तो लोकपाल के चेयरमैन और छह सदस्यों को बीएमडब्ल्यू कारों की आवश्यकता क्यों है? इन कारों को खरीदने के लिए जनता का पैसा क्यों खर्च किया जाए? ”

उन्होंने कहा, “ मुझे उम्मीद है कि लोकपाल के कम से कम एक या दो सदस्यों ने इन कारों को लेने से इनकार कर दिया होगा, या करेंगे। ”

गौरतलब है कि मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, लोकपाल कार्यालय सात (बीएमडब्ल्यू) लग्जरी कारें खरीदने की योजना बना रहा है, जिनकी कुल लागत पांच करोड़ रुपये से अधिक है।

 

Next Post

राहुल गांधी का बिहार प्रचार अभियान तय, प्रियंका भी प्रचार करेंगी

Wed Oct 22 , 2025
नयी दिल्ली, 22 अक्टूबर (वार्ता) बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की तरफ से प्रचार अभियान की तैयारियां तेज हो गयी हैं। कांग्रेस नेतृत्व ने अपने स्टार प्रचारकों कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के जनसभा कार्यक्रम को लेकर अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। […]

You May Like

Play sound