भोपाल: अब दीपावली बीतने के बाद मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। पिछले कुछ दिनों से अरब सागर में बने लो प्रेशर सिस्टम और अंडमान क्षेत्र के ऊपरी हवा के चक्रवात के कारण राज्य में नमी और बादल बने हुए थे, लेकिन अब यह सिस्टम कमजोर पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अब उत्तर की ठंडी हवाएं सक्रिय होंगी और आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जाएगी।
आज मंगलवार सुबह भोपाल में हल्का कुहासा और धुंध छाई रही। सुबह 9 बजे के आसपास विजिबिलिटी घटकर 1200 मीटर तक पहुंच गई। हवा में हल्की नमी महसूस की गई, जिससे मौसम में ठंडक का अहसास बढ़ा। सोमवार को भी राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री कम 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहा।
मौसम वैज्ञानिक पी.के. रायकवार ने बताया कि आज 21 अक्टूबर से हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके गुजरने के बाद उत्तर दिशा से ठंडी हवाएं चलना शुरू होंगी, जिससे प्रदेश के अधिकांश इलाकों में तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की गिरावट हो सकती है।उन्होंने बताया कि दिवाली तक मौसम साफ और दिन में धूप खिली रहेगी, वहीं दक्षिणी मध्यप्रदेश बैतूल, छिंदवाड़ा, खरगोन और बुरहानपुर जिलों में 23 अक्टूबर तक हल्की बारिश और गरज-चमक का दौर देखने को मिल सकता है। इसके बाद पूरे प्रदेश में शुष्क और ठंडा मौसम छा जाएगा।
