बिहार: महागठबंधन में सीट बंटवारे पर उथल-पुथल जारी, कांग्रेस ने चौथी लिस्ट में 6 और उम्मीदवार उतारे; आरजेडी से सीधा मुकाबला तय

नयी दिल्ली, 20 अक्टूबर 2025: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज़ है। महागठबंधन के घटक दलों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर रस्साकशी जारी है, जिसके बीच कांग्रेस ने अपने 6 नए उम्मीदवारों की चौथी लिस्ट जारी कर दी है। इस तरह अब तक कांग्रेस कुल 60 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर चुकी है। नई लिस्ट में वाल्मीकिनगर से सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा, अररविया से अबिदुर रहमान, और अमौर से जलील मस्तान को टिकट मिला है। अन्य उम्मीदवारों में बरारी से तौकीर आलम, कहलगांव से प्रवीण सिंह कुशवाहा और सिकंदरा (SC) से विनोद चौधरी शामिल हैं।

बिहार में बदलाव का नारा देने वाले महागठबंधन के घटक दलों के बीच तल्खी चरम पर है। सीट शेयरिंग पर कोई आम सहमति न बनने के कारण बातचीत पूरी तरह से बंद है। स्थिति इतनी असमंजस वाली है कि गठबंधन में शामिल पार्टियों ने कुछ सीटों पर एक-दूसरे के खिलाफ अपने-अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। इससे पार्टी के समर्थकों के उत्साह में भी कमी नजर आ रही है। नामांकन के दूसरे चरण का आज आखिरी दिन होने के बावजूद, महागठबंधन ने अब तक यह घोषित नहीं किया है कि किस दल को कितनी और कौन-कौन सी सीटें मिली हैं।

महागठबंधन के सहयोगी दलों को दरकिनार करते हुए आरजेडी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम की कुटुम्बा सीट सहित एक दर्जन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। इससे कई सीटों पर आरजेडी और कांग्रेस के बीच ही सीधा मुकाबला होने की स्थिति पैदा हो गई है। सीटों का बंटवारा न होने और आपसी दावों के कारण दोनों दलों के नेताओं के बीच बातचीत भी बंद है, जबकि आरजेडी लगातार अपने उम्मीदवारों को टिकट बांटने में जुटा है।

Next Post

शाह का बड़ा फैसला: बाढ़-बारिश प्रभावित किसानों को राहत देते हुए महाराष्ट्र और कर्नाटक को 1,950 करोड़ की अग्रिम राशि जारी

Mon Oct 20 , 2025
नयी दिल्ली, 20 अक्टूबर 2025: केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित किसानों को राहत देते हुए महाराष्ट्र और कर्नाटक को अग्रिम राहत राशि जारी करने को मंजूरी दे दी है। यह राशि 1,950.80 करोड़ रुपये है, जिसमें से 1,566.40 करोड़ रुपये महाराष्ट्र […]

You May Like