इंदौर:लक्ष्मीबाईनगर अऩाज मंडी में जरूरतमंद परिवारों को मिठाई का वितरण किया. साथ ही नए वस्त्र और अनेकों उपहार भी वितरित किए. इसके साथ ही सभी बच्चों को चॉकलेट का वितरण भी किया गया. नए वस्त्र और मिठाई पाकर जरूरतमंद परिवारों के चेहरे खिल उठे.यह आयोजन शहर के प्रबुद्धजनों ने सार्थक दीपावली अभियान के तहत किया.
संयोजक राजेश बंसल और शिव जिंदल ने कहा मप्र ज्योतिष एवं विद्वत परिषद के अध्यक्ष आचार्य पं. रामचंद्र शर्मा वैदिक के सान्निध्य में यह आयोजन किया गया. मुख्य अतिथि समाजसेवी वीरेंद्र गुप्ता थे. विशेष अतिथि शिक्षाविद् गिरधर नागर और अग्रसेन सोशल ग्रुप के समन्वयक राजेश गर्ग थे. अतिथि स्वागत विकास जिंदल ने किया. सभी ने जरूरतमंद परिवारों को मिठाई का वितरण किया. साथ ही सभी मातृशक्तियों को नई साड़ियां, बच्चों के लिए नए कपड़े और छोटे बच्चों को चॉकलेट का वितरण किया.
पिछले 16 साल से दीपावली के पहले यह आयोजन हर साल किया जाता है. लक्ष्मीबाईनगर के अलावा शहर के अन्य मोहल्लों, बस्तियों में भी मिठाई-नमकीन का वितरण किया गया. बंसल ने कहा जिस तरह से हम दीपावली मनाते है, ठीक वैसे ही जरूरतमंद परिवारों की दीपावली भी मनाई गई. शिक्षाविद् नागर ने कहा यह अभियान सराहनीय है, जरूरतमंद परिवारों की जितनी हो सके, मदद की जाना चाहिए ताकि वे भी दीपावली की खुशियां हमारी तरह मनाएं. संयोजक जिंदल ने कहा अगले साल 15 ज्यादा स्थानों पर सार्थक दीपावली अभियान के तहत यह आयोजन किया जाएगा
