इंदौर: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय मुख्यालय ज्ञानशिखर ओमशांति भवन में स्थानीय सभी सेवाकेंद्रों के भाई बहनों ने सामूहिक रूप से दीपावली पर्व मनाया, जिसमें सभी ने आत्म ज्योति जगने का यादगार दीप प्रज्वलन कर स्वयं में मां लक्ष्मी समान सुख, समृद्धि और दिव्यता लाने का संकल्प लिया.इंदौर जोन की क्षेत्रीय निदेशिका ब्रह्माकुमारी हेमलता दीदी ने दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली का यह पर्व हमें अंधकार से प्रकाश की ओर जाने की स्मृति दिलाता है.
दिवाली का रहस्य बहुत ही गहरा, पावन और आत्म जागृति से जुड़ा हुआ है. यह केवल बाहरी दीप जलाने का पर्व नहीं अपितु आत्मा को प्रकाशित कर सर्व के दिलों में शांति, प्रेम और खुशी का दीप जलाने का संदेश देता है. शक्ति निकेतन की संचालिका ब्रह्माकुमारी करुणा दीदी ने दिवाली का रहस्य बताते हुए कहा कि दीपावली आत्म ज्योति जगने का यादगार पर्व है ज्योति जगने के बाद उसे निरंतर जगाये रखना भी अति आवश्यक है क्योंकि वर्तमान समय चारों ओर दुख, अशांति, भय, तनाव, एंजायटी, आदि अनेक परिस्थितियों का ही बोलबाला हैं.
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी आकांक्षा बहन ने मधुर गीत की प्रस्तुति दी तथा शक्तिनिकेतन की कुमारियों ने सुंदर नृत्य के माध्यम से सबका मन मोह लिया. संचालन ब्रह्माकुमारी अनीता दीदी ने किया. पूर्व डिप्टी कलेक्टर रविशंकर जत्ती ने भी दिवाली की शुभकामनाएं दी. कार्यक्रम में लायंस क्लब के पूर्व जिला गवर्नर रतनलाल गुप्ता, डॉ. गिरीश टावरी, नगर निगम के सिटी इंजीनियर महेश शर्मा, कस्टम विभाग के अपर आयुक्त दिनेश बिसेन, श्रीमती किरण बिसेन तथा सभी सेवाकेंद्रों की ब्रह्माकुमारी बहनें उपस्थित थी.
