ग्रेटर नोएडा 01 मार्च (वार्ता) उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा के जारचा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। बिसाहड़ा फाटक के पास दादरी रोड स्थित चद्दर फैक्ट्री के निकट अज्ञात वाहन ने ड्यूटी से लौट रहे भाई-बहन की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार देर शाम को बिसाहड़ा-दादरी रोड पर यह हादसा हुआ। मृतकों की पहचान नवीन कुमार (35 वर्ष) और प्रियांशी (18 वर्ष) पुत्री राकेश कुमार निवासी ग्राम प्यावली, ताजपुर, थाना जारचा, ग्रेटर नोएडा के रूप में हुई है। दोनों भाई-बहन ड्यूटी से घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
सूचना मिलते ही थाना जारचा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर है।
पुलिस ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। परिजनों से तहरीर प्राप्त कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
