नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (वार्ता) दुष्कर्म के आरोपी कांग्रेस सांसद प्रो. अंगोमचा बिमोल अकोइजम को पार्टी से बर्खास्त करने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा सोमवार को ‘नारी शक्ति हुंकार आंदोलन’ नाम से प्रदर्शन किया और कांग्रेस नेतृत्व से श्री अकाइजम को पार्टी से बर्खास्त करने की मांग की। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर स्थित ‘आंध्र एजुकेशन सोसाइटी स्कूल’ से काँग्रेस मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ कि ओर बढ़ने लगी, तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी और महिला मोर्चा की प्रभारी दग्गुबाती पुरंदेश्वरी के नेतृत्व में आयोजित ‘नारी शक्ति हुंकार आंदोलन’ में पार्टी की महिला सांसद, विधायक, पार्षद और काफी संख्या में भाजपा दिल्ली प्रदेश महिला मोर्चा की कार्यकर्ता शामिल हुईं।
पुलिस ने भाजपा महिला मोर्चा के प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये थे। आईटीओ की ओर से कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन की ओर से जाने वाले मार्ग पर वैरिकेड लगाकर बाधित कर दिया था। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए काफी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। श्रीमती चौधरी ने कहा, “हम इस विषय को लेकर एकत्रित हुए हैं, क्योंकि हमारे देश की बेटियाँ न्याय की मांग कर रही हैं। हम सभी यहाँ देश की मातृशक्ति के रूप में अपनी बेटियों के लिए न्याय की आवाज़ बुलंद करने आए हैं।”
उन्होंने कहा, “हम राहुल गांधी जी और प्रियंका गांधी जी से पूछना चाहते हैं कि आखिर आप चुप क्यों हैं? आपकी खामोशी का मतलब यही है कि आप ऐसे कृत्यों को प्रोत्साहित कर रहे हैं और यौन शोषण जैसे गंभीर मामलों पर आरोपियों को संरक्षण दे रहे हैं। यदि आपके दिल में देश की बेटियों के प्रति जरा भी संवेदना है, तो आपको इस मामले में अपनी चुप्पी तोड़नी चाहिए, संबंधित सांसद से इस्तीफा लेना चाहिए और उन्हें पार्टी से बर्खास्त करना चाहिए। आज यहाँ एकत्रित मातृशक्ति की यही मांग है। हम स्पष्ट रूप से कहना चाहते हैं कि देश की बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता।” वहीं राज्यसभा सांसद अलका गुर्जर ने कहा, ” हम सभी एकजुट होकर यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि हमें सत्ता नहीं, बल्कि अपनी बेटियों और बहनों की सुरक्षा चाहिए। झूठे आरोप लगाकर इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने और सत्ता हासिल करने की कोशिश की जा रही है।”

