
ग्वालियर। देश के प्रमुख सूफी संत हजरत ख्वाजा खानून का 507 वा सालाना पारम्परिक उर्स मेला आज 19 अक्टूबर से परम्परागत रूप से उनकी दरगाह पर चिराग-ए-चिश्तिया रोशन हो कर शुरू होगा । दरगाह के नायब सज्जादानशीन डॉ एजाज खानूनी ने बताया कि आज 19 अक्टूबर को शाम 6 बजे दरगाह की प्रबंध समिति जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर दीप जलाकर उर्स मेले का शुभारंभ करेंगे। उर्स की पहली चादर आयोजन समिति द्वारा पेश की जायेगी। सज्जादानशीन हजरत ख्वाजा राशिद खानूनी साहब विशेष दुआ करेंगे। उर्स संयोजक रामबाबू कटारे ने बताया कि आठ दिवसीय उर्स मेले की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। प्रशासनिक व्यवस्थाओं के लिए संभागायुक्त द्वारा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उर्स मेले में सफाई, पानी, बिजली आदि की व्यवस्था के लिए नगर निगम के अधिकारियों को महापौर महोदया द्वारा निर्देशित किया गया है। इस वर्ष दीपावली का त्योहार भी साथ होने से दुगने उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। आयोजकों ने सभी अकीदतमंदों से समारोह में भाग लेने का अनुरोध किया है।
