
रीवा। शहर की बिगड़ी यातायात व्यवस्था धनतेरस में भी पटरी पर नही आई. चारो तरफ सडक़ो पर जाम ही जाम था. शहर से लेकर शहर के बाहर चोरहटा बाईपास तिराहे पर सैकड़ो वाहन जाम में फसे रहे. शहर के अंदर यातायात पुलिस नदारत रही और धनतेरस पर खरीददारी के लिये निकले लोग जाम से जूझते रहे. जो दिशा निर्देश दिये गये थे और पार्किंग के साथ डायवर्सन किया था वह केवल कागज तक ही सीमित रह गया. प्रतिबंधित मार्ग में कार सहित आटो-रिक्शा धमाचौकड़ी मचा रहे थे. कला मंदिर, मृगनयनी चौक, शिल्पी प्लाजा मार्ग में आटो व ई-रिक्शा पूर्णत: प्रतिबंधित किये गये थे लेकिन इन मार्गो में आटो घूमते नजर आए. जिसके कारण जाम लगता रहा और दिन भर लोग जाम में फसे रहे. यातायात पुलिस व्यवस्था बनाने में पूरी तरह से असफल रही. थाने के पुलिसकर्मियों ने मोर्चा सम्भाला. प्रकाश चौराहा, घोड़ा चौराहा, जयस्तंभ, शिल्पी प्लाजा, धोबिया टंकी सभी जगह जाम लगा रहा. रात 8 बजे के बाद स्थित कुछ सामान्य हुई. दोपहर से लेकर शाम तक खरीददारी के लिये निकले लोग जाम से जूझते रहे. शाम को चोरहटा बाईपास तिराहे में बड़े वाहनो का लम्बा जाम रहा. एक घंटे से ऊपर यहा वाहन फसे रहे, बाद में किसी तरह आवागमन बहाल हो सका.
