जबलपुर:रानी दुर्गावती एल्गिन अस्पताल में 24 घंटे अपनी सेवाएं देने वाले 29 सफाई कर्मचारी वापस काम पर लौट आए हैं। अब एल्गिन अस्पताल में सफाई संबंधी कोई समस्या नहीं खड़ी होगी। जानकारी के अनुसार बीते 3 माह से सफाई कर्मचारियों का वेतन नहीं भुगतान हो रहा था जिसको लेकर गत दिवस कर्मचारियों का आक्रोश फूट गया और उन्होंने कामबंद हड़ताल शुरू कर दी थी।
जिसकी सूचना जब अस्पताल प्रबंधन और सीएमएचओ को हुई तब आनन-फानन में तत्काल कर्मचारियों के हित में फैसला लिया गया। चंद घंटों की हड़ताल के दौरान नौबत ये आ गई है एल्गिन अस्पताल की ओटी, वॉश रूम व अन्य वार्डों में गंदगी फैलने लगी और गंभीर गर्भवती महिलाओं को मेडिकल अस्पताल रेफर किया जाने लगा।
जानकारी के अनुसार ग्वालियर की प्रकाश एंड कंपनी को एल्गिन अस्पताल में सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था करने का ठेका स्वास्थ्य विभाग द्वारा दिया गया है। बीती रात सफाई कर्मचारियों के द्वारा कामबंद हड़ताल के बाद 1 माह का वेतन उन्हें दे दिया गया था और फिर गुरूवार दोपहर को 2 माह का वेतन सफाई कर्मचारियों को दे दिया गया है। जिसके बाद अब कर्मचारी वापस काम पर लौट आए हैं।
इनका कहना है
ग्वालियर की प्रकाश एंड कंपनी को एल्गिन अस्पताल के आउट सोर्स 29 कर्मचारियों का वेतन देने के लिए भुगतान कर दिया गया है। फिर ठेकेदार ने भी सफाई कर्मचारियों को 3 माह का वेतन भुगतान कर दिया है। अब एल्गिन अस्पताल के सफाई कर्मचारी वापस काम पर लौट आए हैं और व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रहीं हैं।
–डॉ. संजय मिश्रा, सीएमएचओ जबलपुर
