देश में नक्सलवाद समाप्ति की ओर

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से आई ताजा खबर ने देश के नक्सलवाद के खिलाफ संघर्ष में एक नई ऊर्जा और उम्मीद जगा दी है. मल्लाजोलु वेणुगोपाल राव, जो भूपति नाम से मशहूर हैं, और माओवादी संगठन के शीर्ष नेताओं में से एक थे, ने अपने 60 साथियों के साथ आत्मसमर्पण किया है. वेणुगोपाल राव नक्सली संगठन का पोलित ब्यूरो सदस्य और दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमिटी के प्रमुख थे. उनके खिलाफ हत्या, हमला, आगजनी समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं. खास बात यह है कि वे 2010 के दंतेवाड़ा सीआरपीएफ हमला जैसे बड़े हमलों की साजिश रचने में भी शामिल थे. उनका आत्मसमर्पण न केवल सुरक्षा बलों के लिए बड़ी सफलता है बल्कि यह इस हिंसक आंदोलन के खिलाफ सार्थक कदम भी दर्शाता है.इस आत्मसमर्पण ने साफ कर दिया है कि नक्सलवाद के खिलाफ चल रही सरकार और सुरक्षा बलों की मुहिम रंग ला रही है. छत्तीसगढ़ के साथ-साथ देश के अन्य नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से भी कई नक्सली हथियार छोडक़र मुख्यधारा में लौट रहे हैं. यह बदलाव सुरक्षा बलों की तत्परता, बेहतर रणनीति और स्थानीय जनता के सहयोग से संभव हो पाया है. हिंसा से थके कई लोगों ने विकास और शांति की राह अपना ली है, जो यह दर्शाता है कि नक्सलवाद का जाल धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है.केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अगस्त 2026 तक देश से नक्सलवाद को समाप्त करने का बड़ा संकल्प लिया है. यह लक्ष्य जितना चुनौतीपूर्ण है, उतना ही आवश्यक भी है. नक्सलवाद केवल हथियार से नहीं, बल्कि जड़ों से खत्म किया जाना चाहिए. यही वजह है कि सरकार ने नक्सल प्रभावित इलाकों में केवल सुरक्षा उपाय ही नहीं, बल्कि विकास, शिक्षा, रोज़गार और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं भी पहुंचाने में जोर दिया है. जब लोगों के जीवन स्तर में सुधार होगा और वे मुख्यधारा का हिस्सा बनेंगे, तभी यह हिंसक आंदोलन खत्म हो पाएगा.छत्तीसगढ़ और अन्य इलाके जहां नक्सलवाद ने लंबे समय तक कब्जा रखा था, वहां प्रदेश व केंद्र सरकार ने विकास के कार्यों को तेज किया है. बेहतर सडक़ों, स्कूलों, अस्पतालों और रोजगार के अवसरों ने स्थानीय लोगों के मन में बड़ा बदलाव किया है. यह विकास ही नक्सलवाद के खिलाफ सबसे बड़ी ढाल बन चुका है. बेहतर प्रशासन और जन-सहभागिता के कारण नक्सली नेता भी अब हिंसा को छोड़ कर संवाद और शांति को प्राथमिकता दे रहे हैं. वेणुगोपाल राव जैसे बड़े नेताओं का आत्मसमर्पण यह दर्शाता है कि नक्सलवादी आंदोलन अब शीघ्र ही अपने अंत की ओर है.सरकार का यह प्रयास कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों का पुनर्वास किया जाए और उन्हें सामाजिक जीवन में फिर से शामिल किया जाए, अत्यंत महत्वपूर्ण है. इससे न केवल इनके जीवन में सुधार होगा, बल्कि समाज में भी स्थायी शांति बनी रहेगी. नक्सलता की जड़ों को काटना तभी संभव होगा जब उपेक्षित वर्गों को समान अधिकार और विकास मिले.इस प्रकार, मल्लाजोलु वेणुगोपाल राव जैसे नक्सली नेताओं का आत्मसमर्पण देश में नक्सलवाद की समाप्ति के स्पष्ट संकेत हैं. यह देश की सुरक्षा और विकास यात्रा में एक अहम मोड़ है. अमित शाह के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जो लक्ष्य रखा है, वो इस प्रकार के सकारात्मक घटनाक्रमों से बहुत हद तक पूरा हो रहा है. छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से आई यह खबर हमें विश्वास दिलाती है कि वह दिन दूर नहीं जब पूरा देश नक्सलवाद जैसी चुनौती से मुक्त होकर शांति और समृद्धि का अनुभव करेगा. यह व्यापक और सामूहिक प्रयास हमें उस देश की ओर ले जा रहा है, जहां हर नागरिक को समान अवसर और सुरक्षा मिलेगी, और नक्सलवाद के अंधेरे से भारत हमेशा के लिए बाहर आएगा.

 

Next Post

ओडिशा के आरक्षित वन क्षेत्र में माओवादियों के गोला-बारूद भंडार का भंडाफोड़

Thu Oct 16 , 2025
भुवनेश्वर, (वार्ता) ओडिशा पुलिस की एक विशेष पुलिस इकाई, जिला स्वैच्छिक बल (डीवीएफ) ने बुधवार को आरक्षित वन क्षेत्र में माओवादियों के गोला-बारूद के भंडार का भंडाफोड़ किया। संदेह है कि माओवादियों ने वामपंथी उग्रवाद (एलडब्ल्यूई) से प्रभावित ओडिशा के मलकानगिरी जिले में आंध्र प्रदेश की सीमा से लगे वन […]

You May Like