
नीमच। नगर की पुरानी कृषि उपज मंडी में बुधवार सुबह मूंगफली की नीलामी के दौरान किसान और व्यापारी आपस में भिड़ गए। मूंगफली के कम दाम मिलने से नाराज किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद विवाद मारपीट में बदल गया।
मूंगफली व्यापारी ऋषि अग्रवाल को घेरकर पीटा, जिसके बाद व्यापारी मौके से भाग गए। इस घटना के बाद सभी किसान एकजुट हो गए और उन्होंने व्यापारियों पर मूंगफली का उचित मूल्य न देने का आरोप लगाया।
किसान बोले- व्यापारियों ने 2 दिन में आधा किया भाव
किसान इंद्र सिंह और वकील बंजारा ने कहा कि दो दिन पहले तक मूंगफली का भाव 5 हजार था। लेकिन व्यापारियों ने रेट आधा कर दिया। 2500 से 3500 तक मूंगफली खरीदी जा रही है। इससे तो लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है।
किसानों ने मंडी में टेंपो हम्माल और तुलावटी द्वारा अवैध वसूली का आरोप भी लगाया। विवाद की सूचना मिलते ही एसडीएम संजीव साहू मौके पर पहुंचे और किसानों को उचित मूल्य दिलाने का आश्वासन दिया।
एसडीएम ने ली बैठक
एसडीएम के आश्वासन के बाद किसानों का 2 घंटे चला विरोध प्रदर्शन शांत हुआ। हालांकि, व्यापारियों ने मारपीट की घटना पर नाराजगी व्यक्त की। इसके बाद एसडीएम संजीव साहू ने मंडी कार्यालय में व्यापारियों के साथ बैठक कर उनसे चर्चा की।
सुबह करीब 11 बजे हुए इस विवाद के बाद दोपहर 3 बजे के आसपास, यानी लगभग 4 घंटे बाद, मंडी में नीलामी फिर से शुरू हो पाई। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि मंडी में व्यापारियों की मनमानी चल रही है और मंडी प्रशासन उनकी सुनवाई नहीं करता है। उन्होंने मंडी प्रशासन और व्यापारियों के बीच मिलीभगत का आरोप भी लगाया।
