आय से अधिक संपत्ति उजागर
जबलपुर: कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित बसाड़ी तहसील बड़वारा जिला कटनी का सहायक प्रबंधक सुशील कुमार गुप्ता आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ जबलपुर (ईओडब्ल्यू ) की रेड में धनकुबेर निकला। टीमों ने निवास स्थान ग्राम बसाड़ी, ग्राम बनहेरी स्थित आटा मिल, धान मिल, ऑईल मिल चक्की, हाउस में एक साथ छापेमारी की गई। अचानक हुई कार्रवाई से हडक़ंप मच गया।
अब तक की कार्यवाही में आरोपी की कुल 2, 69, 14, 405 रूपये अनुपातहीन संपत्ति उजागर हुई है।जानकारी के मुताबिक आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ जबलपुर द्वारा सुशील कुमार गुप्ता, सहायक प्रबंधक, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित बसाड़ी तहसील बड़वारा जिला कटनी के खिलाफ भ्रष्टाचार से करोडों रूपये की असमानुपातिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत के सत्यापन उपरांत आरोप सही पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ ईओडब्ल्यू ने प्रकरण दर्ज किया।
एक साथ तीन टीमों ने मारे छापे
मंगलवार को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ जबलपुर के द्वारा आरोपी के निवास स्थान ग्राम बसाड़ी, ग्राम बनहेरी स्थित आटा मिल,धान मिल, ऑईल मिल, चक्की, फार्म हाउस में एक साथ 3 टीमों ने छापेमारी कार्रवाई की।
ये मिली
ग्राम बसाड़ी स्थित मकान की इंवेंट्री 11,18,830 रूपये, ग्राम बसाड़ी स्थित फार्म हाउस की इंवेंट्री 29, 56, 075 रूपये, ग्राम बनहरी स्थित राईस मिल, ऑईल मिल की इंवेंट्री 8, 39, 500 रूपये, ग्राम बसाडी स्थित वेयर हाउस-कुल लागत राशि 2, 20, 00, 000 रूपये, 2 मोटर सायकल. 1 सोनालिका ट्रैक्टर, एक पिकअप बोलेरो एवं कृषि उपकरण मिले है। इसके अतिरिक्त आरोपी के निवास स्थान से प्राप्त दस्तावेज, बैंक खातों एवं रजिस्ट्रियों के आधार पर बहुमूल्य संपत्ति होने का अनुमान है।
