
ग्वालियर। सांसद भारत सिंह कुशवाह ने भोपाल मंत्रालय में जाकर सीएम डॉ मोहन यादव से मुलाकात कर ग्वालियर संसदीय क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति एवं प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने ग्वालियर की सड़कों, अधोसंरचना, उद्योग, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, एवं महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं पर विचार-विमर्श किया। कुशवाह ने मुख्यमंत्री का ध्यान ग्वालियर में कई जर्जर सड़कों की ओर आकृष्ट किया और आग्रह किया कि जल्द से जल्द सड़क मरम्मत और नई सड़कों के निर्माण हेतु आवश्यक बजट और दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। सांसद कुशवाह ने ग्वालियर में उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता को रेखांकित करते हुए एम्स ग्वालियर में एम्स खोलने और अन्य सुविधाओं को लेकर भी विस्तार से चर्चा की। इसके साथ स्मार्ट सिटी परियोजनाओं और नगरीय विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कुशवाह को आश्वस्त किया कि ग्वालियर क्षेत्र के विकास में राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और संबंधित विभागों को निर्देशित किया जाएगा कि प्राथमिकता के आधार पर इन प्रस्तावों पर कार्यवाही करें। स्वास्थ्य मंत्री से मेडीकल कॉलेज के विस्तार की मांग इस दौरान उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल से भेंंट के दौरान सांसद कुशवाह ने ग्वालियर के गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबंद्ध जयारोग्य चिकित्सालय समूह के भवनों के पुनर्निर्माण एवं विस्तार कार्य को जल्द स्वीकृति करने का अनुरोध पत्र सौंपा। साथ ही सिविल अस्पताल डबरा के उन्नयन और भवन निर्माण कार्य को जल्द पूर्ण करने को लेकर भी विस्तार से चर्चा की।
पीडब्ल्यूडी मंत्री से भी की मुलाकात
सांसद भारत सिंह ने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह से उनके भोपाल स्थित निवास कार्यालय पर भेंट कर ग्वालियर संसदीय क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों को लेकर लंबी एवं चर्चा की, जिसके परिणाम जल्द ही ग्वालियर के लोगों को मिलेंगे। उन्होंने भोपाल स्थित मंत्रालय में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और लोक स्वास्थ्य मंत्री से भी भेंट कर ग्वालियर संसदीय क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर चर्चा की।
