भाजपा वन नेशन वन इलेक्शन व्यवस्था करेगी लागू : राजनाथ सिंह

कुशीनगर 30 मई (वार्ता) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को कहा कि केंद्र में तीसरी बार सरकार बनाने के बाद वन नेशन, वन इलेक्शन की व्यवस्था लागू किये जाने की दिशा में काम किया जायेगा।

चुनाव प्रचार के अन्तिम दिन श्री सिंह ने जूनियर हाईस्कूल रामकोला के खेल मैदान में पार्टी प्रत्याशी विजय कुमार दूबे के पक्ष में जनसभा को सम्बोधित करते हुये कहा “ कितना अच्छा होता कि पूरे देश में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक-साथ सम्पन्न हो जाता। भारतीय जनता पार्टी अगले पांच वर्षों में वन नेशन वन इलेक्शन व्यवस्था लागू कर देगी।”

उन्होने कहा कि विगत दस वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मजबूत नेतृत्व में पूरे विश्व में भारत का सम्मान बढ़ा है। पहले विदेशों में जब भारत के नेता बोलते थे तब कोई ध्यान नहीं देता था। लेकिन आज का भारत जब अन्तर्राष्ट्रीय मंचों पर बोलता है तो सारी दुनिया कान लगाकर सुनती है कि भारत बोल क्या रहा है।यह बदलते भारत की नई तस्वीर है।

श्री सिंह ने कहा कि जो काम पिछली कोई सरकारें नहीं कर सकी, वो नरेन्द्र मोदी ने मात्र 10 वर्षों में कर दिया। पाकिस्तानी सांसद फजलुर्रहमान ने पाकिस्तानी संसद में स्वीकार कर लिया है कि भारत विश्व गुरु बन रहा है और पाकिस्तान अपनी बर्बादियों को बचाने के दर दर हांथ फैला रहा है लेकिन समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को यह समझ में नहीं आ रहा है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि अर्थव्यवस्था के मामले में 2014 से पहले भारत विश्व में 11 वें स्थान पर था। श्री मोदी के नेतृत्व में आज भारत विश्व की 5वीं अर्थव्यवस्था बना है। आज विश्व के बड़े बड़े अर्थशास्त्री कह रहे हैं कि आज भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था है। 2027 तक अमेरिका और चीन के बाद भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश होगा तथा 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बन जाएगा और 2070 भारत दुनिया के सबसे अमीर देश बन जाएगा।

उन्होने कहा कि पहले पूरे देश में जगह जगह आये दिन आतंकी हमले हुआ करते थे लेकिन अब आतंकी हमले लगभग समाप्त हो गए हैं। क्योंकि अब दुश्मन देश भी समझ गया है कि आज का भारत कमजोर नहीं है।अब भारत सीमा पर पलटवार भी करता है और जरुरत पड़ने पर सीमा पार कर वार करने से नहीं झिझकता है।

विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी कुछ ही दिनों में समाप्त हो जाएगी और कांग्रेस की हालत इतनी पतली है कि जैसे डायनासोर धरती से विलुप्त हो गया वैसे ही कांग्रेस भी विलुप्त होने वाली है। ये लोग (विपक्षी दल) झूठ बोल कर जनता को गुमराह करते हैं जबकि भाजपा जनता की आंखों में आंखें डालकर राजनीति करती है। भारतीय जनता पार्टी अकेली ऐसी पार्टी है जो कहती है वो करती है। हमने कहा धारा 370 हटाएंगे तो हटाया, हमने कहा रामलला हम आएंगे मंदिर वहीं बनाएंगे तो डंके की चोट पर बनाया। अब रामलला झोपड़ी से निकलकर अब अपने महल में पहुंच चुके हैं। जो रामराज्य की शुरुआत है।

Next Post

मेघालय में भूस्खलन से चार लोगों की मौत की आशंका

Thu May 30 , 2024
शिलांग 30 मई (वार्ता) मेघालय के नोंगप्रियांग गांव में गुरुवार तड़के हुए भारी भूस्खलन के बाद एक नाबालिग सहित चार लोग लापता हो गए और उनके मारे जाने की आशंका है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ”बहुत तेज़ बारिश हो रही थी और दो घरों के […]

You May Like