भारत ने गत चैंपियन ग्रेट ब्रिटेन पर जीत के साथ शुरू किया अपना अभियान

जोहोर बाहरु (मलेशिया), 11 अक्टूबर (वार्ता) जूनियर भारतीय हॉकी टीम ने शनिवार को ग्रेट ब्रिटेन को 3-2 से हराकर सुल्तान जोहोर कप 2025 में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।

आज यहां तमन दया हॉकी स्टेडियम में खेले गये मुकाबले में कप्तान कप्तान रोहित ने (45वें, 52वें) और रवनीत सिंह ने (23वें) ने भारत के लिए गोल दागे, जबकि माइकल रॉयडेन (26′) और कैडेन ड्रेसी (46′) ने गत विजेता ग्रेट ब्रिटेन के लिए गोल किए।

पहले क्वार्टर में दोनों टीमों ने रोमांचक हॉकी खेली, लेकिन कोई भी टीम गतिरोध को तोड़ नहीं पाई। 13वें मिनट में भारत को दिन का पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन ग्रेट ब्रिटेन के रशर्स ने उसे विफल कर दिया। भारत ने कई बार सर्कल में प्रवेश किया और गोल करने के प्रयास किए, लेकिन ग्रेट ब्रिटेन की रक्षा पंक्ति ने बचाव करने में सफल रही।

भारत को 16वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन ग्रेट ब्रिटेन के गोलकीपर ने लगातार दो महत्वपूर्ण बचाव करके अपने गोल की रक्षा की। 22वें मिनट में एक बार फिर भारत गोल करने के करीब पहुंच गया, लेकिन मनमीत सिंह के गोल पर शॉट को ग्रेट ब्रिटेन के डिफेंस ने गोललाइन क्लीयरेंस से रोक दिया।

भारत ने आखिरकार अगले ही मिनट में अपना पहला गोल कर लिया। गुरजोत सिंह ने दाईं ओर से सर्कल में जोरदार दौड़ लगाकर ग्रेट ब्रिटेन के डिफेंस को चीरते हुए गेंद को पोस्ट तक पहुंचाया और वहां रवनीत सिंह ने शानदार गोल किया। कुछ ही क्षणों बाद 26वें मिनट में ग्रेट ब्रिटेन के माइकल रॉयडेन ने गोलकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

तीसरे क्वार्टर की शुरुआत धीमी रही, दोनों टीमें गेंद पर कब्जा करने की कोशिश में थीं, लेकिन डिफेंडर पूरी तरह से तैयार थे और उन्होंने हमलों को नाकाम कर दिया।

45वें मिनट में, ग्रेट ब्रिटेन को एक पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन भारतीय गोलकीपर प्रिंस दीप सिंह के शानदार बचाव के कारण वे इसका पूरा फायदा नहीं उठा सके।

कुछ ही सेकंड बाद भारत को भी मैदान के दूसरे छोर पर एक पेनल्टी कॉर्नर मिला। कप्तान रोहित ने मौके का फायदा उठाते हुए शानदार ड्रैगफ्लिक से गोल करके भारत को फिर से बढ़त दिला दी। 46वें मिनट में, ग्रेट ब्रिटेन को पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे कैडेन ड्रेसी ने गोल में बदलकर फिर से बराबरी का गोल कर दिया।

भारत को 52वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला रोहित ने तीसरे प्रयास में एक शानदार गोल करके बढ़त हासिल की और भारत को जीत दिलाई।

भारत का अगला मुकाबला रविवार को न्यूजीलैंड से होगा।

 

Next Post

सोमवार को होगा एमएसएमई सम्मेलन, मुख्यमंत्री डॉ. यादव करेंगे शुभारंभ

Sat Oct 11 , 2025
भोपाल,11 अक्टूबर (वार्ता) मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार 13 अक्टूबर को होटल ताज भोपाल में एमएसएमई सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे। सम्मेलन में उद्यमियों और स्टार्टअप को अनुदान तथा सहायता राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण किया जाएगा। सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप उपस्थित रहेंगे। वर्चुअली […]

You May Like