
मनासा। तहसील क्षेत्र के रूपावास-झाड़ा मार्ग पर शुक्रवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक युवक मौके से लापता बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब दो बाइकें आमने-सामने से टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और सवार सडक़ पर दूर तक गिर पड़े। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को मनासा अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों को नीमच जिला अस्पताल व एक को निजी अस्पताल में रेफर किया गया है।घायल युवकों की पहचान इस प्रकार की गई है:
भगवतीलाल (29 वर्ष)
मनीष पिता विनोद (21 वर्ष), जाति मालवीय, निवासी कड़ी आत्री
गोली पिता पप्पू (17 वर्ष), जाति मालवीय, निवासी कड़ी आत्री
योगेश पिता कमलेश (19 वर्ष), जाति राठौर, निवासी कचनारा
राहुल पिता नानूराम, निवासी एलची, दलौदा
बताया गया कि मनीष और गोली सुबह अपने गांव कड़ी आत्री से मनासा आए थे। दोनों युवक यहां सीसीटीवी इंस्टॉलेशन का कार्य करते हैं। कार्य समाप्त कर घर लौटते समय यह हादसा हुआ।
हादसे के बाद अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद एक युवक मौके से लापता हो गया है, जिसकी तलाश जारी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच प्रारंभ कर दी है और घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
सडक़ की हालत पर उठे सवाल
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि रूपावास-झाड़ा मार्ग काफी संकरा और अंधे मोड़ों से भरा है, जिस कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने इस मार्ग के चौड़ीकरण और यातायात सुरक्षा व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
