जांजगीर-चांपा, 05 जून (वार्ता) छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस प्रशासन को अधिक प्रभावी और संतुलित बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने शुक्रवार को बड़े पैमाने पर तबादला आदेश जारी 80 प्रधान आरक्षकों एवं आरक्षकों को विभिन्न थाना, चौकी, यातायात शाखा और नवस्थापित पुलिस सहायता केंद्रों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई है।
पुलिस विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानांतरण प्रक्रिया में उन कर्मचारियों को प्राथमिकता दी गई है, जो तीन वर्ष अथवा उससे अधिक समय से एक ही थाना, चौकी या शाखा में कार्यरत थे। विभाग का मानना है कि इस कदम से प्रशासनिक संतुलन, कार्यकुशलता और पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा।
तबादला सूची में यातायात शाखा से सर्वाधिक 23 कर्मचारियों को जिले के विभिन्न थाना-चौकियों तथा करही क्षेत्र में पदस्थ किया गया है। वहीं थाना एवं चौकी स्तर पर कार्यरत कुछ कर्मचारियों को यातायात शाखा में भेजा गया है, जिससे दोनों इकाइयों के बीच मानव संसाधन का संतुलन स्थापित किया जा सके।
इसी क्रम में बिर्रा क्षेत्र के ग्राम करही में पुलिस सहायता केंद्र के संचालन के लिए अलग से प्रभारी सहित पुलिस बल की तैनाती की गई है। यहां आज पुलिस सहायता केंद्र का शुभारंभ प्रस्तावित है।
पुलिस अधीक्षक पाण्डेय द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह प्रशासनिक पुनर्व्यवस्था जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से की गई है। करही में नई व्यवस्था लागू होने से क्षेत्रवासियों को त्वरित पुलिस सहायता एवं सुरक्षा सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
